गेमिंग
रायट गेम का वैलोरेंट कोई साधारण एफपीएस नहीं है, इसमें पहले से लोकप्रिय गेम्स काउंटर स्ट्राइक और ओवरवॉच की कई बेहतरीन चीजों का मिश्रण उपलब्ध है, इस गेम में सबके लिए कुछ न कुछ है.
लेकिन अलग-अलग क्षमताओं से लैस 10 एजेंट्स में से किसे चुनें यह आपके लिए मुश्किल हो सकता है. अगर आप नौसिखिए हैं या सूचना प्राप्त करना चाहते हैं कि पहले किस एजेंट को पिक किया जाए तो आपके लिए पेश है यह टियर लिस्ट.
यहां प्रस्तुत है खेल के आधार पर सबसे आसान से शुरू करके सबसे मुश्किल एजेंट्स की रैंकिंग
अनलॉक्ड एजेंट्स
वैलोरेंट आपको पांच अनलॉक्ड एजेंट्स में से चुनने की अनुमति देता है जबकि बाकी के पांच को लेवलिंग अप या कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम के जरिए हासिल किया जा सकता है. इसलिए, हमने अपनी रैंक्ड लिस्ट को दो हिस्से में बाटा है. ये वैसे एजेंट्स हैं जिन्हें आप शुरुआत से खेल सकते हैं, इन्हें सबसे आसान से सबसे मुश्किल के आधार पर रैंक किया गया है.
ब्रिमस्टोन – आसान
अगर इस गेम से आपकी जान पहचान नहीं है तो आपको ब्रिमस्टोन का जायका ज़रूर लेना चाहिए. ब्रिमस्टोन सिर्फ आसानी से हासिल करने वाला किट भर नहीं है, वह आपकी टीम के लिए एक मज़बूत हथियार भी है.
उसकी स्काई स्मोक क्षमता को गेम के सबसे अच्छे स्मोक्स में गिना जाता है, यह खिलाड़ियों को बगैर कोई खतरा मोल लिए तीन स्मोक ग्रेनेड्स गिराने की आज़ादी देता है. उसके अल्टीमेट का प्रयोग आप काफी दूर से करके दुश्मनों को जबरदस्त नुकसान पहुंचा सकते हैं. इस एजेंट को चुनना बेहद आसान है.
सोवा – आसान
अगर आप सेफ गेम खेलने में विश्वास करते हैं तो सोवा आपके लिए सही आदमी है, ये ब्रिमस्टोन के मुकाबले कम उपयोगी है. सोवा उल्लू ड्रोन और रेकॉन बोल्ट से लैस है – इन दोनों से दश्मन के लोकेशन का पता लगाया जा सकता है.
इसके अल्टीमेट का इस्तेमाल करना आसान है – आपको सिर्फ निशाना लगाकर फायर करना है, ये पूरे मैप को पार कर सकता है, इसके पास दीवार को भी पार करने की क्षमता है.
सेज – आसान
सेज सबसे मज़बूत एजेंट्स में से एक है और इसे चुनना काफी आसान भी है. उसकी हिलिंग ऑर्ब का इस्तेमाल उसके सहयोगियों के साथ-साथ खुद उस पर भी किया जा सकता है जो जीत और हार के बीच फर्क पैदा करते हैं, उसका अल्टीमेट उसे टीममेट्स को पुनर्जिवित करने की छूट देता है.
हालांकि उसका बैरियर ऑर्ब ट्रिकी है. वह जादू से बहुत बड़ी और मज़बूत दीवार बनाकर अपने दुश्मनों को रोक सकती है. उसका अल्टीमेट इस गेम में सबसे मज़बूत माना जाता है. आपको समझदारी के साथ बस ये फैसला करना है कि कब और किसे पुनर्जिवित करना है.
फिनिक्स – मीडियम
शुरुआती तीन एजेंट्स को खेलना अपेक्षाकृत आसान था, लेकिन अब चीजें थोड़ी जटिल होंगी. फिनिक्स का किट इतना शक्तिशाली है कि इसे आप अकेले ही लेकर चलना चाहेंगे, लेकिन इसे ठीक से करना मुश्किल हो सकता है. इसका कर्वबॉल किसी फ्लैशबैंग की तरह काम करता है जिसे कॉर्नर्स या कॉरिडोर्स में लगाया जा सकता है लेकिन इसका आदी होने के लिए समय और अभ्यास की ज़रूरत होती है.
इसका अल्टीमेट, रन इट बैक, इसे मारे जाने पर फिर से जन्म लेने की क्षमता देता है. लेकिन इस प्रक्रिया के दौरान दुश्मन आपके ठिकाने का अंदाज़ा लगाकर आपको मार भी सकता है, यानि अल्टीमेट के प्रयोग के लिए टाइमिंग का चयन काफी निर्णायक होता है.
जेट्ट – मुश्किल
जेट्ट इस गेम के सबसे मुश्किल एंजेंट्स में से एक है. जेट्ट काफी मज़बूत और क्षमताओं से भरपूर है, लेकिन गलती करने पर ये माफ नहीं करती. उसके अपड्राफ्ट और टेलविंड क्षमता को रक्षात्मक या पलायन करने के यंत्र के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है. सबसे अच्छी बात ये है कि इसके अल्टीमेट, ब्लेड स्टॉर्म का इस्तेमाल करना आसान है. अगर आपका निशाना अच्छा है तो आप ठीक स्थिति में रहकर उसके ड्रैगर्स से किल्स हासिल कर सकते हैं. अगर आप आक्रामक खिलाड़ी नहीं हैं तो इसको मास्टर करने में आपको दिक्कत हो सकती है.
लॉक्ड एजेंट्स
इन पांच एजेंट्स के साथ पांच और एजेंट्स हैं जिन्हें गेम में आगे बढ़ते हुए आप अनलॉक कर सकते हैं. पिछले पांच की तरह हमने इन्हें भी सबसे आसान से सबसे मुश्किल के आधार पर रैंक किया है.
वाइपर – आसान
अगर आप उपलब्ध पांचों एजेंट्स के साथ खेल चुके हैं तो आपको इसके साथ खेलना काफी आसान लगेगा. इसमें गेम के अन्य कैरेक्टर्स के साथ कई समानताएं हैं. इसकी ज़हरीली स्क्रीन और स्नेक बाइट्स दोनों काफी हद तक फिनिक्स की क्षमता की तरह ही है.
उसके अल्टीमेट, वाइपर्स पिट का उपयोग करना आसान है, ये उसे साइट को कंट्रोल और ब्लॉक करने के साथ-साथ सुरक्षित ढंग से विस्फोट लगाने की क्षमता भी देता है. लेकिन आपको पता होना चाहए कि उसके कुछ क्षमताओं को रिएक्टिवेट करने के लिए ईंधन की आवश्यकता होती है, यानि उसके उपयोग के लिए आपको थोड़ी समझ-बूझ की ज़रूरत होगी.
रेज़ – आसान
अगर आप आक्रामक तरीके से खेलते हैं और जेट की गतिशीलता को संभालने में दिक्कत होती है तो रेज़ आपके लिए पूरी तरह से अनुकूल है. उसकी क्षमताएं दुश्मनों को ठिकाने लगाने के लिए सरल और सीधी हैं. उसका पेंट शेल ग्रेनेड्स के गुच्छे की तरह है जिससे बड़े स्तर पर नुकसान होता है और उसका अल्टीमेट, शोस्टॉपर दरअसल एक विशाल रॉकेट लॉन्चर है. इन दोनों ही क्षमताओं में किल्स हासिल करने की ज़ोरदार शक्ति है.
अगर आप सिर्फ रेज़ के डैमेज करने की क्षमता पर भरोसा नहीं कर सकते है तो उसका ब्लास्ट पैक आपके लिए काफी उपयोगी हो सकता है लेकिन विस्फोक के लिए दूरी और समय को समझने और उसका चयन करने में आपको थोड़ी दिक्कत हो सकती है.
ब्रीच – मीडियम
ब्रीच की क्षमताओं का उपयोग करना कुछ खास मुश्किल नहीं है लेकिन इसे अकेले ही हैंडल करना लगभग नामुमकिन है. फॉल्ट लाइंस और अल्टीमेट, रोलिंग ठंडर के रूप में उसके पास ज़ोरदार क्षमताएं हैं, इन दोनों का उपयोग करके दुश्मनों को तेज़ी से ठिकाने लगाया जा सकता है.
लेकिन अगर आपकी टीम में पहले से तालमेल नहीं है और उसके किट के बारे में ठीक से जानकारी नहीं है, तब गेम में बतौर एजेंट वह मुश्किल साबित हो सकता है.
साइफर – मीडियम
अब, दूसरी तरफ, अगर आपको जेट या रेज़ पसंद नहीं है और आप डिफेंसिव खेल में रूचि रखते हैं तो आपको साइफर को आजमाना चाहिए लेकिन अटैकिंग खेल में ये ज़्यादा फायदा नहीं दे पाएगा, यही वजह है कि इसको मास्टर करना मुश्किल साबित होता है.
जहां तक डिफेंस करने का मामला है, इसके किट को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि ये अनस्टॉपेबल बन जाता है और इसे सीखना भी मुश्किल नहीं है. इसके पास एक ट्रैपवायर है जिसे दो दीवारों के बीच में लगाया जा सकता है, एक स्पाइकैम है जो दूर से दुश्मनों की ओर तीर छोड़ सकता है.
हालांकि, जब आप अटैकिंग साइड में होते हैं तब ये तमाम चीजें अनुपयोगी हो जाती हैं. साइफर को खेलना मुश्किल नहीं है लेकिन दोनों तरह के खेल में इसको मास्टर करना एक मुश्किल काम है.
ओमेन – मुश्किल
धुआं छोड़ने की अपनी क्षमता के कारण ओमेन इस गेम का सबसे अनूठा एजेंट बन जाता है. इसके पास टेलीपोर्टिंग की दो क्षमताएं हैं जिससे वह कम दूरी के साथ-साथ पूरे मैप को भी टेलीपोर्ट कर सकता है, यह दुश्मनों को किनारे खिसकने के लिए मज़बूर कर देता है.
इसके टेलीपोर्ट का कब इस्तेमाल करना है इसके लिए आपको इस गेम की पूरी जानकारी चाहिए, वहीं जब आप टेलीपोर्ट करते हैं तो गेम की आवाज़ों से दुश्मनों को इसका पता भी चल जाता है. इसका मतलब यह है कि कोई भी ठीक-ठाक खिलाड़ी आमेन के अल्टीमेट को काउंटर करके उसे अनुपयोगी बना सकता है.